
मुसाबनी : घाटशिला अनुमंडल में इन दिनों बालू माफियाओं द्वारा बेधड़क बालू की ढुलाई हाइवा और ट्रैक्टर से की जा रही है। सरकार द्वारा अब तक बालू घाटों की नीलामी नहीं की गई है। बावजूद इसके बालू माफियाओं द्वारा दिन-दहाड़े प्रशासन की नाक के नीचे से रोजाना बालू की ढुलाई की जा रही है। इससे सरकार को राजस्व का भरी नुकसान हो रहा है। बालू माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए बीती रात मुसाबनी में स्थानीय प्रशासन द्वारा छापामारी अभियान चलाया गया। कुल मिला कर बीती रात बालू माफियाओं के लिए आफत की रात रही। घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक के नेतृत्व में यह छापामारी रात लगभग साढ़े आठ बजे मुसाबनी थाना अंतर्गत सुरदा क्रासिंग से शुरू हुई और देर रात गुड़ाबंदा के कोईमा घाट में जाकर खत्म हुई। छापामारी दल ने सुरदा क्रासिंग के पास बालू लदा एक हाइवा और मोहुलबेड़ा के पास दूसरा हाइवा जब्त किया। (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार प्रशासन को कई दिनों से यह सूचना मिल रही थी कि गुड़ाबंदा प्रखंड के कोईमा घाट से अवैध तरीके से हर रात हाईवा से बड़े पैमाने पर बालू का उठाव होता है। रात से लेकर भोर 4 बजे तक 20 से 25 हाईवा से लगभग 90 ट्रिप मुसाबनी और गुड़ाबंदा के भालकी,श्याम सुंदरपुर होते हुए अवैध बालू की ढुलाई होती है। खबर है कि स्वर्णरेखा नदी के कोईमा स्थित घाट के समीप बालू का स्टाक प्वाइंट भी अभी हाल में ही बना है।जिला खनन् विभाग सब कुछ जान कर भी अंजान है।सूत्रों की मानें तो इसमें कई सफेद पोस लोगों के रिश्तेदार भी इस धंधे में शामिल है। इस छापेमारी अभियान में मुसाबनी डीएसपी चंदशेखर आजाद और मुसाबनी सीओ प्रशांत हेम्ब्रम भी शामिल थे। प्रशासन द्वारा छापेमारी करने की सूचना से बालू माफियाओं में हड़कंप है।





