
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन में एक बार फिर से सियासी उठापटक तेज हो चुकी है. रविवार को उस वक्त नया समीकरण सामने आया जब टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह के साथ कोषाध्यक्ष हरिशंकर सिंह और सहायक सचिव सरोज सिंह समेत काफी संख्या में कमेटी मेंबर झारखंड के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके के मंदिर में पहुंचे हैं. इस पूरी टीम में शैलेश सिंह के साथ रहने वाले उपाध्यक्ष शत्रुघ्न राय के अलावा पुराने पदाधिकारी रह चुके सीएस झा, धर्मेंद्र उपाध्याय समेत कई अन्य कमिटी मेंबर भी थे. इस पूजा अर्चना के टूर के बहाने एक तरह से डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह और उपाध्यक्ष शत्रुघ्न राय ने अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया है. इन लोगों के साथ कोषाध्यक्ष हरिशंकर सिंह और सहायक सचिव सरोज सिंह का जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि हरिशंकर सिंह और सरोज सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू और महामंत्री सतीश सिंह के करीबी माने जाते हैं. टाटा वर्कर्स यूनियन के करीब एक साल पहले हुए चुनाव में हरिशंकर सिंह और सरोज सिंह, टुन्नु चौधरी और सतीश सिंह के साथ थे. लेकिन बदलते समय के साथ शैलेश सिंह के साथ उनका जाना एक बार फिर से चर्चा का विषय बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे अंदरखाने चर्चा है कि हरिशंकर सिंह और सरोज सिंह जैसे नेता शैलेश सिंह के साथ जाकर एक खास वर्ग के वोट बैंक में अपनी सेंधमारी करने की कोशिश कर रहे हैं. बताया जाता है कि यह रजरप्पा टूर डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह के दिशा-निर्देश पर ही आयोजित हुई जिसकी तैयारी 15 दिनों से चल रही थी जिसमें दो पदाधिकारी संजीव तिवारी और नितेश राज को छोड़कर सभी लोग आमंत्रित थे और काफी कमेटी मेंबरों को आमंत्रित किया गया था. इसके बावजूद करीब 24 से 25 लोग इसमें जुट पाए हैं जिसमें 4 पदाधिकारी (शैलेश, शत्रुघ्न, हरिशंकर और सरोज समेत) कई पूर्व कमिटी मेंबर और पूर्व पदाधिकारी भी शामिल है. वर्तमान कमिटी मेम्बर की संख्या काफी कम है. फिलहाल यह टूर राजनीतिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आपको बता दें कि टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव में शैलेश सिंह अध्यक्ष के उम्मीदवार रहे अरविंद पांडेय के साथ हुए थे लेकिन ऐन चुनाव के पहले उन्होंने पलटी मार दी थी और संजीव चौधरी और सतीश सिंह के साथ हो गए थे. अब चुनाव के बाद फिर से टुन्नू चौधरी-सतीश सिंह के विपरीत समानांतर व्यवस्था में शैलेश सिंह की मुहिम शुरू हो चुकी है.




