
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे चांडिल थाना अंतर्गत एनएच 33 पर बीती रात सड़क दुर्घटना में रांची के इटकी निवासी धनेश्वर और महावीर घायल हो गए. घटना के बाद दोनों को चांडिल के अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां से धनेश्वर को उसके परिजन अपने साथ ले गए. इधर सूचना पाकर गुरुवार सुबह महावीर के परिजन चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और महावीर को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. घायल के परिजनों ने बताया कि महावीर और धनेश्वर सब्जी लेकर साकची के सब्जी मंडी पहुंचे थे. यहां से लौटने के क्रम में उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. लोगों ने दोनो को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. आज जब वह अनुमंडल अस्पताल पहुंचे तो देखा की महावीर जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा था, वह बेहोश था. उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया.




