जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय रूप से जागरूक करने के उद्देश्य से टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा पहली बार ‘स्वच्छ गेटेड सोसाइटी चैंपियनशिप 2026’ का आयोजन किया जा रहा है. स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित यह पहल शहर की गेटेड सोसाइटियों में स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. चैंपियनशिप के पहले चरण में 60 से अधिक गेटेड सोसाइटियां भाग लेंगी और लगभग 12,900 घरों तक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान पहुंचेगा. लगभग 3 से 4 महीनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सहभागी सोसाइटियां अपने परिसरों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित करेंगी. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिता का मूल्यांकन कुल 1,000 अंकों के निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा. इसमें स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को 350 अंक, कॉमन एरिया की स्वच्छता को 100 अंक तथा जल एवं ऊर्जा दक्षता को 100 अंक दिए गए हैं. इसके अलावा होम कम्पोस्टिंग, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, जीरो वेस्ट आयोजन, नागरिक सहभागिता, डेंगू जागरूकता एवं स्रोत नियंत्रण, पौधरोपण और सामुदायिक सौंदर्यीकरण जैसे विषय भी मूल्यांकन का हिस्सा होंगे. इस पहल के माध्यम से नागरिकों को केवल स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाने के बजाय उन्हें अपने परिसर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भागीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घरों में कचरा पृथक्करण से लेकर सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण तक, यह अभियान जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देगा. यह पहल टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल कुमार भटनागर के स्वच्छ, सतत एवं नागरिक-केंद्रित शहर के विजन से प्रेरित है. टाटा स्टील यूआइएसएल सभी सहभागी सोसाइटियों और नागरिकों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी की अपील करता है, ताकि सामूहिक प्रयासों से जमशेदपुर को स्वच्छ, सुंदर और सतत शहर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके.




