
लुधियाना : दिल्ली के बाद एक और बम धमाका सामने आया है, जो पंजाब के लुधियाना कोर्ट परिसर का है. गुरुवार को पंजाब के लुधियाना कोर्ट में जोर का धमाका हुआ, जिससे पूरा कोर्ट परिसर दहल उठा. इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है, जबकि चार लोग घायल हैं. धमाका दोपहर करीब 12:45 बजे हुआ, जिसके बाद कोर्ट परिसर में अफरा तफरी मच गई. धमाका कोर्ट भवन की तीसरी मंजिल में हुआ. जो बाथरूम और स्टोर रूम के समीप था. घटना के बाद पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया है. साथ ही पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. घटना के बाद से मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुला लिया गया है. वहीं जांच के लिए वहां एनआईए की टीम के जाने के भी सूचना है. हालांकि सूत्रों का मानना है कि यह आईईडी धमाका था, लेकिन जांच के बाद की यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमाका कैसे हुआ. दूसरी ओर पंजाब के मुख्यमंत्री भी घटनास्थल पर पहुंचने वाले हैं. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक की होनी थी पेशी
बड़ी बात है कि गुरुवार को ही दुष्कर्म मामले में विधायक सिमरजीत सिंह बैंस सहित अन्य की पेशी भी थी. जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर तक पुलिस कमिश्नर और डीसी दफ्तर के ठीके पीछे कचहरी परिसर में सब कुछ सामान्य चल रहा था. बाद दोपहर अचानक तीसरी मंजिल पर जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद धुएं का एक गुबार उठा. इससे पहले लोग कुछ समझते, वहां भगदड़ मच गई. कुछ देर में कोर्ट भवन पूरी तरह से खाली हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सहित सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. कोर्ट भवन में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.





