सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के एसपी आनंद प्रकाश के नेतृत्व में शनिवार को कुचाई थाना क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र जाम्बरो पिकेट में रोलाहातु पंचायत के ग्राम जाम्बरो एवं आसपास के गांव के ग्रामीणों को जनता और पुलिस के बीच की कड़ी को मजबूत करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में “आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार” जैसे कार्यक्रम से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अनुरोध किया गया कि ग्रामीण, पुलिस एवं जिला प्रशासन तथा सरकार पर भरोसा करें. सरकार द्वारा चलायी जा रही सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठायें. बताया गया कि इस क्षेत्र के लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिए विकास कार्य को और तेजी से कराया जा रहा है. साथ ही सुरक्षा भी दी जा रही है. इस कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गई एवं उसे त्वरित कार्रवाई कर समस्या के निदान करने का भरोसा दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस अधीक्षक द्वारा वर्तमान में सर्दी के मौसम को देखते हुए ग्रामीणों के बड़े-बुजुर्ग एवं महिलाओं को कम्बल तथा ग्रामीण युवाओं के बीच हॉकी खेल से संबंधित सभी समानों का वितरण किया गया. साथ ही बच्चों के लिए स्कूल बैग, कॉपी कलम ईत्यादि सामानों का वितरण किया गया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्रामीणों को पुलिस प्रशासन के साथ मिलजुल कर काम करने की अपील की गई. वहीं ग्रामीणों द्वारा अश्वासन दिया गया कि पुलिस प्रशासन को पूर्णतः इलाके के विकास हेतु सहयोग करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

इस क्रम में एसपी ने जाम्बरो पिकेट का निरीक्षण किया एवं जवानों का हाल-चाल भी लिया. सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में एसपी आनंद प्रकाश के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक अभियान पुरुषोत्तम कुमार, एसडीपीओ हरविन्दर सिंह, सीआरपीएफ 193 बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर केएस चौधरी, असिस्टेंट कमांडिंग ऑफिसर बीएस रावत, कुचाई थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता, पुलिस अवर निरीक्षक भीम लाल पासवान, छोटू कुमार, सुजीत कुमार आदि मौजूद थे.




