जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित रतन ज्वेलर्स से चुराया जेवर उसी दुकान में बेचने पहुंची महिला चोर को दुकानदार ने पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस पकड़ाई महिला चोर से पूछताछ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि विगत 11 दिसंबर को एक महिला गोद में एक बच्चे को लेकर रतन ज्वेलर्स दुकान में कान की बाली खरीदने का बहाना बनाकर पहुंची थी. दुकानदार द्वारा बाली दिखाये जाने के बाद उसने उसे नहीं लिया एवं दुकानदार से नथिया दिखाने को कहा. दुकानदार द्वारा नथिया दिखाये जाने पर उसने नजर बचाकर उसमें से 10 पीस अपने मुंह में रख लिया. इसके बाद पसंद नहीं आने का बहाना बनाकर वह वहां से निकल गयी. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, लेकिन दुकान मालिक को इसकी जानकारी तब हुई जब महिला दुकान से बाहर निकल चुकी थी. हालांकि महिला दोबारा रविवार को आने की बात कह कर गयी थी. इसके मद्देनजर उसे पकड़ने के उद्देश्य से दुकानदार ने परसुडीह थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस को सौंपी. इसके बाद आज महिला वहीं से चुराये जेवर रतन ज्वेलर्स में ही बेचने पहुंची. इसके बाद दुकानदार टुनटुन प्रसाद ने महिला चोर को दुकान में ही बंद कर दिया एवं पुलिस को इसकी सूचना दी. परसुडीह पुलिस ने वहां पहुंच कर महिला को हिरासत में ले लिया. फिलहाल महिला चोर से पूछताछ चल रही है.



