गालूडीह: गालूडीह थाना अंतर्गत बड़ाखुर्शी पंचायत के पैरागुड़ी गांव में शराबबंदी को लेकर महिलाएं अब एकजुट होकर जागरूक हो चुकी हैं. मंगलवार को पैरागुड़ी की महिलाओं ने उपमुखिया लालमोहन रजक तथा ग्रामप्रधान बासंती प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पैरागुड़ी गांव में शराबबंदी अभियान चलाया. इस दौरान महिलाओं ने किसी भी हाल में गांव में शराब नहीं बनाने व बेचने का फरमान जारी किया. महिलाओं ने शराब बेचने वाले और उसका सेवन करने वाले दोनों को चेतावनी दी है. महिलाओं ने साफ कह दिया है कि अगर किसी ने गांव में शराब बेची, तो उसे सजा मिलेगी.(नीचे भी पढ़े)
अगर किसी ने मदिरा का सेवन किया, तो उसे भी सजा मिलेगी. इससे पहले गांव के महिला समितियों ने बैठक भी की. वहीं बैठक में निर्णय लिया गया कि दूसरे गांव से आने वाले शराब आपूर्तिकर्ताओं को गांव में किसी भी हाल में घुसने नहीं दिया जाएगा. मौके पर महिलाओं ने कहा कि शराब पीने से शरीर खोखला होने लगता है और पैसा भी बर्बाद हो जाता है. परिवार बेघर हो जाता है. रोजाना घरों में पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद से कलह होता है और परिवार तबाह हो जाता है. जिसे लेकर हमलोगों ने शराब पर प्रतिबंध के लिए शराबबंदी अभियान चला रहे है.



