जमशेदपुर : लौह नगरी जमशेदपुर में महा शिवरात्रि की तैयारियां शुरू हो गयी हैं. शहर के शिवालयों एवं अन्य मंदिरों को महा शिवरात्रि के लिए सजाया-संवारा जा रहा है जहां शिवरात्रि के दिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना तो करेंगे ही, अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. लेकिन इस वर्ष महा शिवरात्रि को लेकर सबसे बड़ी तैयारी हो रही है सोनारी दोमुहानी में जहां स्वर्णरेखा एवं खरकई नदियों के पावन संगम पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री महा शिवरात्रि पर विशेष आयोजन करा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

लौह नगरी जमशेदपुर के निवासियों के लिए इस वर्ष महा शिवरात्रि का दिन बहुत खास होनेवाला है, जहां एक ओर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए सारे मंदिरों-शिवालयों को परंपरागत रूप में सजाया-संवारा जा रहा है. आम लोग भी महा शिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे हुए हैं. किन्तु वहीं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता क्षेत्र के सोनारी दोमुहानी स्थित स्वर्णरेखा एवं खरकई नदियों के संगम स्थल पर इस वर्ष महाशिवरात्रि पर विशेष आयोजन की तैयारियों में लगे हैं. वहां इस वर्ष नगर वासियों को महा शिवरात्रि पर खास सौगात देने की तैयारी चल रही है. (नीचे भी पढ़ें)

दोमुहानी घाट पर इस दिन 30 फीट ऊंचा शिवलिंग तैयार कराया जा रहा है. वहीं, जमशेदपुर की लाइफ लाइन मानी जानेवाली स्वर्णरेखा व खरकाई नदियों के संगम पर की गंगा आरती की तर्ज पर नदी की आरती के साथ ही कुंभ की तरह दोमुहानी में शाही स्नान की भी व्यवस्था करायी जा रही है. यही नहीं, वहां अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तो होंगे ही, साथ ही स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ अन्य़ शहरवासी भी शहर की लाइफलाइन, दोनों नदियों को साफ-सुथरा बनाये रखने का संकल्प भी लेंगे. इसके लिए वहां बन रहे घाट एवं उसकी सीढ़ियां भविष्य में जमशेदपुर शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने वाले साबित होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
महा शिवरात्रि पर इस साल पहली बार 18 फरवरी को कुंभ की तर्ज पर दोमुहानी संगम पर शाही स्नान का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शामिल होने के लिए वाराणसी से 51 साधु-संत पधार रहे हैं. इसके अलावा महा शिवरात्रि के दिन दोमुहानी घाट पर पहली बार वाराणसी के अस्सी घाट की तरह नदी आरती भी आयोजित होगी, जिसमें वाराणसी से आ रहे पुरोहित अर्चना मोहित की देखरेख में स्वर्णरेखा एवं खरकई नदियों की आरती करेंगे. इस अवसर पर दोमुहानी में पूरे कोल्हान से एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. इसके मद्देनजर मानगो से दोमुहानी तक नदी किनारे विद्युत सज्जा करायी जा रही है एवं जगह-जगह आकर्षक झांकियां भी लगायी जा रही हैं, जिनमें शिव-पार्वती एवं डमरू आदि के कट आउट भी लगाये जा रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता स्वयं इन तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इन तैयारियों को लेकर आम लोगों में भी काफी उत्साह दिखाई दे रहा है. लोग अभी से ही वहां चल रही तैयारियों को देखने पहुंचने लगे हैं. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि दोमुहानी घाट भविष्य में जमशेदपुर के लिए एक रमणीय स्थल के रूप में उभरेगा, जहां शहर के प्रदूषण से दूर लोग स्वच्छ वातावरण में आराम से समय बिता सकेंगे.



