जमशेदपुर : कांग्रेस लेबर सेल के पूर्व अध्यक्ष कल्याण चंद्र सिंह द्वारा किये जा रहे अतिक्रमण को स्थानीय लोगों ने विरोध कर तोड़ दिया. इस दौरान जमकर हंगामा हुआ. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और शांति बहाल करायी. बताया जाता है कि जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरारपाड़ा जाने वाले मेन रास्ते पर कांग्रेस नेता कल्याण चंद्र सिंह द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा था. इसको लेकर वहां निर्माण कार्य चल रहा था. स्थानीय लोगों का कहना था कि वहां मंदिर भी है, जिस कारण लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इसको लेकर लोग गोलबंद होने लगे थे. थाना समेत अन्य जिम्मेदार ऑथोरिटी को शिकायत करने के बावजूद कोई कदम जब नहीं उठाया गया तो जनता ने खुद मोर्चा खोल दिया और अतिक्रमण को तोड़ दिया. इस दौरान जमकर हंगामा हुआ. कांग्रेसी नेता और समर्थकों के साथ बस्तीवासियों की झड़प भी हो गयी. सूचना पाकर पहुंची सोनारी पुलिस ने मौका को संभाला और लोगों को शांत कराया और किसी तरह का निर्माण कार्य करने पर रोक लगा दी.



