जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह रिंग रोड के निर्माण के काम पर उसके घटिया स्तर को देखते हुए ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता राजेश रजक ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. कार्यपालक अभियंता ने ठेका कंपनी को अब तक हुए कार्य पर दोबारा 3 इंच मोटी ढलाई कराने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि इसके बाद भी सड़क निर्माण के स्तर में सुधार नहीं हुआ तो वे कंपनी का ठेका रद्द कर देंगे. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि ठेका कंपनी लॉर्डसन कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड 2.38 करोड़ रुपये की लागत से घाघीडीह रिंग रोड का निर्माण कार्य करा रही है और इसका करीब 45 फीसदी काम पूरा भी हो चुका है. लेकिन जिला परिषद् उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा द्वारा सड़क निर्माण में घटिया स्तर का काम कराये जाने की लगातार शिकायत की जा रही थी. इसके आलोक में मंगलवार को आरईओ के कार्यपालक अभियंता राजेश रजक व अन्य अधिकारियों ने अब तक निर्मित सड़क का निरीक्षण किया. इस दौरान जिला परिषद् उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा एवं ठेका कंपनी लॉर्डसन कंस्ट्रक्शन के इंजीनियर भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
निरीक्षण के दौरान अब तक हुआ निर्माण कार्य अत्यंत घटिया किस्म का पाये जाने पर कार्यपालक अभियंता राजेश रजक ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को तत्काल प्रभाव से काम रोक देने का निर्देश दिया. इसके बाद उन्होंने ठेका कंपनी के अधिकारियों बनी सड़क के ऊपर और तीन इंच मोटा ढलाई कराने का निर्देश दिया, साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी कि वे तीन दिन बाद फिर नये निर्माण का निरीक्षण करने आयेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इसके बाद भी सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो वे इस कार्य से ठेका कंपनी को टर्मिनेट करने की कार्रवाई करेंगे.




