राजनगर : सरयाकेला जिले के राजनगर थाना अंतर्गत महराजगंज गांव के समीप बीती रात राजनगर-ओड़िशा मार्ग पर एक स्कूटी सवार ने साइकिल पर सवार दम्पति को पीछे से टक्कर मार दी. जिससे साइकिल सवार दम्पति में से पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल है. घटना बीती शाम करीब 7 बजे की है. मृतक मंदिरा पूर्ति (40) राजनगर थाना क्षेत्र के धुरीपदा गांव के रहने वाले था. जानकारी के अनुसार बुधवार को मंदिरा पूर्ति और उसकी पत्नी साइकिल से राजनगर साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे थे. दोनों अलग-अलग साइकिल पर सवार थे. उसी समय राजनगर से बुड़ीसिरिंग की ओर जा रहे स्कूटी सवार ने पीछे से दोनों को जोरदार टक्कर मारी. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि स्कूटी पर तीन युवक सवार थे और नशापान किए थे और तेज गति से स्कूटी चला रहे थे. दुर्घटना मंदिरा पूर्ति और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों पति-पत्नी को राजनगर सीएचसी पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने मंदिरा को मृत घोषित कर दिया. जबकि पत्नी को कमर में अंदरूनी चोट लगी है. वहीं देर रात हो जाने के कारण शव को सीएचसी के मोर्चरी में रखा गया है. दम्पति के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि बीती शाम को महाराजगंज गांव के पास दुर्घटना की सूचना मिली. घटना में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हुई है. पुलिस द्वारा पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा.





