जमशेदपुर : राज्यपाल के प्रधान सचिव सह झारखंड रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा है कि शहर के लोगों का रेड क्रॉस से पंद्रह वर्ष पूर्व जो जुड़ाव था, आज भी लोग उसी तरह रेड क्रॉस से जुड़े हैं. और यह इसलिए है कि यहां की टीम रेड क्रॉस के मानवसेवी कार्यों की निरंतरता को बनाये रखते हुए मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया है. ऐसी टीम झारखंड के सभी जिलों को चाहिए ताकि रक्त की कमी का समाधान हो और लोगों को आसानी से रक्त उपलब्ध हो सके. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस बेहतर कार्य कर रही है जो और शाखाओं के लिए प्रेरणा है. उन्होने रेड क्रॉस भवन को संस्था और समाज की धरोहर बताते हुए उसमें ऐसे ही अच्छे कार्य होते रहने की शुभकामना दी. उनके साथ उपस्थित एडीजी सुमन गुप्ता ने पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस को जीवंत संस्था बताते हुए कहा कि इससे लोगों का जुड़ाव है.(नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर धालभूम अनुमंडलाधिकारी पीयूष सिन्हा ने कहा कि रक्तदान से रक्तदाता को भी लाभ होता है और नये रक्त से और स्फूर्त होता है. कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि आज जिस भवन में यह कार्यक्रम इतने बड़े पैमाने पर आयोजित हो रहा है, उनकी नींव रखने से लेकर उसके भविष्य तक की सोच डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी की देन है. उन्होंने न सिर्फ रेड क्रॉस सोसाइटी को खड़ा किया, बल्कि उसे एक ऐसा आधारभूत ढांचा भी प्रदान किया कि वह आसानी से अपने कार्य कर सके. इसके साथ ही डॉ नितिन मदन कुलकर्णी एवं सुमन गुप्ता ने स्वयं भी रक्तदान किया. उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी पीयूष सिन्हा ने भी रक्तदान किया.(नीचे भी पढ़ें)
आज विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आय़ोजित शिविर में कुल 703 यूनिट रक्तदान हुआ. रेड क्रॉस के पेट्रन ए के श्रीवास्तव, एहसिन फाउंडेशन के अध्यक्ष आसिफ महमूद ने मानद सचिव बिजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहे रेड क्रॉस के कार्यों की सराहना की. कार्यक्रम में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन को रक्तदान शिविर के बेहतरीन आयोजन के लिए इस वर्ष का रेड क्रॉस मानव सेवा सम्मान प्रदान किया गया, जिसे अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते एवं महासचिव आरके सिंह ने ग्रहण किया, उन्हें शॉल ओढ़ाकर डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने सम्मानित किया. आज शाम 5 बजे तक रेड क्रॉस में रक्तदाताओं का तांता लगा रहा, जबकि बाहर 42 डिग्री की चिलचिलाती गर्मी में भी लोग अभियान से दिल से जुड़े. रेड क्रॉस के 50 कार्यकर्ता तथा जमशेदपुर ब्लड बैंक एवं वोलेंटरी ब्लड डोनर्स एसोसियशन की टीम ने इस आयोजन को सफल बनाने में बेहतरीन भूमिका निभायी.(नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रवींन्द्र नाथ चौबे, चन्द्रमोहन सिंह, केएनपी सिंह, कमल किशोर अग्रवाल, प्रभाकर सिंह, प्रभुनाथ सिंह, दिवाकर सिंह, सुनील अग्रवाल, जयप्रकाश राय सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे.



