जमशेदपुर : साकची स्थित एमजीएम अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती सीतारामडेरा थाना क्षेत्र निवासी महावीर पाड़ेया की हुई मौत को लेकर बिफरे स्थानीय लोगों ने एमजीएम अस्पताल में जम कर हंगामा किया. मृतक के परिजन दोषी डॉक्टर व नर्स पर कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी दिये जाने की मांग को लेकर अस्पताल का गेट जाम कर दिया एवं जम कर नारेबाजी की. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक के परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ भी नारेबाजी की. उनका कहना था कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जमशेदपुर के ही हैं, फिर भी एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था नहीं सुधार पा रहे हैं. यहां के डॉक्टर लापरवाही कर रहे हैं, जिससे मरीजों की जान जा रही है.(नीचे भी पढ़ें)
उधर हंगामे की जानकारी मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन धरने पर बैठे मृतक के परिजनों ने पुलिस की गाड़ी अस्पताल के अंदर नहीं जाने दी. पुलिस कर्मी गाड़ी बाहर ही छोड़ कर अस्पताल के अंदर पहुंचे. इसके बाद जिला प्रशासन को सूचित किया गया. डीसी के निर्देश पर अस्पताल पहुंचे मजिस्ट्रेट निशा कुमारी और सुमित प्रकाश ने मृतक के परिजनों से बात की. इस दौरान उन्होंने मामले की जांच कराने एवं दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर मृतक के परिजनों ने धरना समाप्त किया.



