जमशेदपुर : सीतारामडेरा थानांतर्गत न्यू सीतारामडेरा निवासी महावीर पाड़ेया की मंगलवार को एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर उसके परिजनों ने बुधवार को अस्पताल परिसर में जम कर हंगामा किया. बाद में एसडीओ पीयूष सिन्हा द्वारा मामले की जांच के आदेश देने के बाद परिजन शांत हुए.

इलाज में लापरवाही के दोषी डॉक्टर एवं नर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग एवं मृतक के एक परिजन को सरकारी नौकरी दिये जाने की मांग को हंगामा कर रहे परिजनों एवं कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं ने अस्पताल गेट पर धरना देकर रास्ता बंद कर दिया. उनका कहना था कि जब तक डॉक्टर एवं नर्स पर कार्रवाई नहीं होती, वे लोग मृतक का सव वहां से नहीं उठायेंगे.
उधर अस्पताल में हंगामे की सूचना पाकर धालभूम अनुमंडलाधिकारी पीयूष सिन्हा स्वयं अस्पताल पहुंचे एवं पूरे मामले की जांच का आदेश दिया. वहीं एसडीओ ने मृतक महावीर की छोटी बेटी की पढ़ाई का खर्च वहन करने एवं मृतक की छोटी बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा भी की.
वहीं अस्पताल के अधीक्षक ने कहा कि इस मामले की मेडिकल बोर्ड से जांच कराई जायेगी एवं दोषी पाये गये लोगों के खिलाफ यथोचित कार्रवाई भी की जायेगी.



