जमशेदपुर / रांची : भारत में मॉनसून ने दस्तक दे दी है. दक्षिण पश्चिम मॉनसून अपने सामान्य समय से एक सप्ताह देरी से आज 8 जून को केरल में प्रवेश कर गया है. हालांकि गंभीर चक्रवात बिपरजॉय के कारण शुरूआत में मॉनसून का असर कम दिखेगा. इसी के साथ जमशेदपुर में लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी का अहसास अत्यधिक रहा. गुरुवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुवार यानी 8 जून को अब तक का सबसे गर्म दिन रहा है. इससे पहले 21 मई को सबसे गर्म दिन 44.2 डिग्री सेल्सियस और 18 अप्रैल को जमशेदपुर में सबसे गर्म दिन रहा. (नीचे भी पढ़ें)
मौसम पूर्वानुमान-
मौसम केंद्र रांची के डॉ अभिषेक आनंद ने बताया कि केरल में एक हफ्ते विलंब से मॉनसून ने दस्तक दे दी है. इसी के साथ झारखंड में मॉनसून आने में 10-12 दिन का समय लग सकता है. मौसम पूर्वानुमान को लेकर उन्होंने बताया कि 8, 9 और 10 जून को मौसम शुष्क रहेगा और लोगों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ेगा. वहीं 11-12 जून को बारिश की संभावना है. इस दौरान 11 जून को उत्तर पूर्वी यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर और साहिबगंज के साथ संथाल परागना में भी छिटपुट बारिश की संभावना है. 12 को संथाल परगना, कोल्हान और मध्य झारखंड में बारिश के आसार है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी के साथ तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. पर दो से तीन डिग्री बढ़ने की उम्मीद है. लू का लहर यूं ही जारी रहेगा और झारखंड में मॉनसून आने तक लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम है.



