जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जमशेदपुर में पड़ रही भीषण गर्मी की ओर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनसे स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां एक सप्ताह और बढ़ाने का आग्रह किया है. उक्त जानकारी अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया ने दी. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष ने कहा कि जमशेदपुर शहर में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ स्कूल खुल गये हैं, जबकि बाकी स्कूल भी दो-चार दिनों के अंदर खुलने वाले हैं. इस प्रचंड गर्मी में माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजने के इच्छुक नहीं, फिर भी पढ़ाई अधूरी रह जाने के डर से उन्हें बच्चों को स्कूल भेजना पड़ता है. बच्चे इस असहनीय गर्मी को सहन नहीं कर पाते और कई बच्चों की तबीयत बिगड़ जाती है. कभी-कभी तो यह बच्चों की जिंदगी में जोखिम भरा साबित होता है. इसलिए उन्होंने उपायुक्त से त्वरित निर्णय लेते हुए स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां एक सप्ताह और आगे बढ़ाने का निर्देश देने का आग्रह किया है जिससे स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत मिल सके.



