आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आरआइटी थाना अंतर्गत डीएवी एनआइटी के शिक्षक आरके बेहरा एटीएम फ्रॉड के शिकार हो गए हैं. घटना रविवार 9:00 बजे की है. बताया जा रहा है कि शिक्षक पैसे निकालने रोड नंबर 4 के एसबीआइ के एटीएम में गए थे, जहां उनका एटीएम कार्ड मशीन में ही फंस गया. करीब 20 मिनट इंतजार के बाद शिक्षक बगल की दुकान में दुकानदार से मदद मांगने गए. इसी बीच 5 मिनट के अंदर कोई उनका एटीएम कार्ड चुराकर भाग गया. भुक्तभोगी शिक्षक कुछ समझ पाते इतने में उन्हें एचडीएफसी बैंक के एटीएम से उनके चोरी गए कार्ड के जरिये 24 हजार रुपये की निकासी होने का मैसेज आ गया. चोरों ने 10- 10 हजार दो बार औऱ तीसरी बार में 4 हजार रुपये की निकासी कर ली. (नीचे भी पढ़ें)

भुक्तभोगी शिक्षक इस बात की शिकायत लेकर जब आरआइटी थाना पहुंचे तो प्रभारी सागर लाल महथा ने रविवार बोलकर आवेदन लेने से इनकार कर दिया औऱ सोमवार को साइबर सेल बिष्टुपुर में शिकायत करने की नसीहत दी. शिक्षक अपने साथ हुए साइबर क्राइम से परेशान हैं, चूंकि चोर ने उनके खाते में जमा सारा पैसा निकाल लिया है.(नीचे भी पढ़ें)
वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी सागर लाल महथा ने बताया कि शिक्षक का आवेदन लेने से इनकार नहीं किया गया, बल्कि उन्हें सलाह दी गई कि पहले आप बैंक को सूचित करें. मामला बैंक से जुड़ा है. क्योंकि एटीएम मशीन में शिक्षक का कार्ड फंस गया था और वहां मौजूद किसी शख्स ने उन्हें अन्य व्यक्ति से संपर्क करने की नसीहत दी. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड गायब हो जाता है, और थोड़ी ही देर के बाद पैसों की निकासी हो जाती है. इसका मतलब उस अनजान शख्स की मिलीभगत है. हम लोग जांच कर रहे हैं. जांच के उपरांत दोषी पर कार्रवाई की जाएगी, मगर शिक्षक को पहले बैंक को सूचित करना था.



