
जमशेदपुर : जमशेदपुर में तेजी से कोरोना वायरस के पोजिटिव मरीज की संख्या तो बढ़ रही है, लेकिन टाटा स्टील में भी कोरोना वायरस का काफी ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है. टाटा स्टील में पहले तो कोरोना वायरस का पोजिटिव मरीज मिला था, लेकिन मंगलवार को टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन के पोजिटिव पाये गये कर्मचारी के कारण काफी ज्यादा परेशानी हो गयी.
टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन के एसटी मिल का एक कर्मचारी कोरोना पोजिटिव पाया गया. उसकी जांच की गयी तो उसका साथ का 13 साल का बेटा भी पोजिटिव पाया गया, जिसके बाद उसके एग्रिको स्थित आवास के आसपास के एरिया को सील कर दिया गया और कंटेनमेंट जोन बना दिया गया. वहीं, बुधवार को ट्यूब डिवीजन के कैंटीन को भी सील कर दिया गया है और कैंटीन समेत टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन के एसटी मिल के करीब 100 से भी ज्यादा कर्मचारियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है.
उनको बसों में भरकर कदमा स्थित क्वारंटाइन सेंटर ले जाया गया. इसके अलावा उनका टेस्टिंग भी किया गया. सभी का सैंपल लेकर सबको क्वरांटाइन कर दिया गया है, जिनकी टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद उनको घर भेजना है या नहीं और ड्यूटी में वापस लेना है या नहीं, इस पर फैसला लिया जायेगा. क्वारंटाइन में रखे गये कर्मचारियों में स्थायी मजदूरों के अलावा ठेका मजदूर भी शामिल है, जिनका टेस्ट किया जा रहा है.

वैसे जो कर्मचारी पोजिटिव पाया गया था, वह कर्मचारी भी क्वारंटाइन में रख दिया गया है. सभी की जांच शुरू कर दी गयी है. टाटा स्टील ने वैसे कुछ दिनों पहले ही एक तैयारी कोरोना को लेकर की थी, जिसके तहत चार शिफ्ट में कर्मचारियों का काम कराया जा रहा था. तीन शिफ्ट के अलावा एक शिफ्ट को अलग रखा गया था ताकि इस तरह के हालात होने पर प्रोडक्शन प्रभावित नहीं हो सके. इसका लाभ अभी मिल रहा है.

दूसरी ओर, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 341 पहुंच चुकी है. वहीं जिले में मंगलवार को कुल 226 लोगों का नमूना लिया गया. इस तरह से जिले में अबतक कुल 18623 संदिग्धों का नमूना लिया जा चुका है. इसमें 17668 की रिपोर्ट आ चुकी है। बाकी की जांच प्रक्रिया में है.



