
जमशेदपुर : झारखंड इंटक में घमासान तेज हो चुका है. इंटक के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर राकेश्वर पांडेय का पदस्थापन और उनके अधीनस्थ पदाधिकारियों का पदस्थापन एक साल के लिए किया गया है और तब तक एक साल में चुनाव करा लेने का आदेश जारी किया गया था. इस आदेश का विरोध होने लगा था. राकेश्वर पांडेय के अध्यक्ष बनने का विरोध इंटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह के पुत्र जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने खुद के स्तर पर किया. इसके बाद कई यूनियनों ने उनका साथ दिया. इसके अलावा राकेश्वर पांडेय का भी कई लोगों ने समर्थन भी किया. इस बीच अनूप सिंह के आह्वान पर कई यूनियनों के लोगों ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी को भेज दी है. ऐसे लोगों ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी को लिखकर दिया है कि वे लोग उनकी एडहॉक कमेटी को मान रहे है और प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय को भी मान रहे है, लेकिन चूंकि यह एडहॉक कमेटी है, इस कारण उनके आदेश का पालन हम लोग तो कर रहे है, लेकिन इस आदेश से ऊहापोह की स्थिति उत्पन्न हो गयी है और लगातार गुटबाजी तेज हो चुकी है. इस कारण झारखंड प्रदेश का चुनाव करा दिया जाये ताकि यहां संस्था मजबूती से संचालित हो सके. चुनाव एक बार हो जायेगा तो सारे लोग चुनाव को मान लेंगे. इस कारण एक चुनाव संचालन समिति अपने स्तर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर भेज दें और चुनाव करा दें, जो जीतेगा, वह प्रदेश अध्यक्ष हो जायेगा. इस बीच इंटक के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद राकेश्वर पांडेय पहली बार टाटा वर्कर्स यूनियन पहुंचे. राकेश्वर पांडेय ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद समेत अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात की और समर्थन देने की अपील की. राकेश्वर पांडेय ने इसके अलावा कई यूनियनों के पदाधिकारियों से भी मिले है. इस बीच टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय भी टाटा वर्कर्स यूनियन पहुंचकर आर रवि प्रसाद के साथ काफी लंबी मंत्रणा की है. अब इस मामले को लेकर लगातार राजनीति गरम हो चुकी है.

मानगो विकास समिति ने राकेश्वर पाण्डेय का किया अभिनंदन
जमशेदपुर के मानगो विकास समिति का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर के ट्रेड यूनियन नेता राकेश्वर पाण्डेय से मिला और झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष जैसे गरिमामय पद पर मनोनीत होने पर पुष्प गुच्छ देकर उनका हार्दिक अभिनन्दन किया. श्री सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दी और विश्वास व्यक्त किया कि श्री पाण्डेय के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में झारखंड इंटक उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए अपनी पैठ बनाने में सफल होगा और मज़दूर बहुल राज्य के श्रमिक वर्ग के कल्याण के लक्ष्य को पूरा कर अपनी उपयोगिता सिद्ध करेगा. इस अवसर पर समिति के युवा नेता अभिषेक सिंह चौहान, राहुल सिंह, छात्र शाखा के अध्यक्ष हर्षित सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल थे.






