
रांची : जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों की गोली से सीआरपीएफ जवान अजय कुमार की मौत हो गयी. अजय कुमार झारखंड के गिरीडीह जिले के देवरी थाना इलाके के ढेंगाडीह के रहने वाले थे. बताया जाता है कि शनिवार की सुबह पुलवामा के अवंतिपुरा के पास अजय कुमार को तैनात किया गया था. यहीं पर उनको गोली लगी, जिससे वे शहीद हो गये. वे अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा की ड्यूटी पर तैनात थे. शनिवार की सुबह वे ड्यूटी पर थे. वहां वे मोर्चा पर संतरी की ड्यूटी पर थे. इसी बीच अहले सुबह करीब तीन बजे गोली चली, जिससे अजय कुमार ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना परिजनों को सीआरपीएफ ने दी, जिसके बाद उनके घर पर शोक का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)
उनके इस शोक पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक जताया है. बताया जाता है कि अजय कुमार शनिवार को हवाई मार्ग से गिरीडीह अपने घर जाने वाला था. अजय का हवाई टिकट भी बुक हो चुका था. शुक्रवार की रात को उसने अपनी पत्नी से बात की थी और कहा था कि वह आज घर आयेंगे, लेकिन उससे पहले ही उनकी जान चली गयी. अब परिजनों में मातम का माहौल है. जिस घर में वे आते तो खुशियां आती, उसी घर में अब उनकी लाश आयेगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में झारखण्ड की माटी के लाल, गिरिडीह के ढेंगाडीह गांव से सीआरपीएफ जवान अजय कुमार राय जी के शहीद होने की खबर से मन अत्यंत दुःखी है. परमात्मा दिवंगत अमर वीर शहीद अजय जी की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे.




