गालूडीह : बड़ाखुर्शी पंचायत के पैरागुड़ी गांव के प्राचीन दुर्गा मंदिर में निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व बुधवार को मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना की गई, उसके बाद छत की ढलाई का काम आरंभ हुआ. इस निर्माण कार्य में सभी ग्रामीणों ने स्वैच्छिक श्रमदान कर काम पूरा कराया. मालूम हो कि दुर्गा मंदिर निर्माण के लिए घाटशिला विधायक रामदास सोरेन ने मंदिर कमेटी को 70 हजार रुपये प्रदान किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
राजा क्षेत्र मोहन सिंह ने शुरू की थी मां दुर्गा की पूजा
बताते चलें कि पैरागुड़ी गांव में भूमिज समाज के राजा क्षेत्र मोहन सिंह ने सन 1760 में घट स्थापित कर मां दुर्गा की पूजा आरंभ की थी. उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए क्षेत्र के आदिम जनजातीय भूमिज समुदाय ने शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की पूजा शुरू की थी. इस संबंध में भूमिज समाज के वंशज, अवकाश प्राप्त शिक्षक बासंती प्रसाद सिंह ने बताया कि यहां 1832 से मूर्ति स्थापित कर पूजा शुरू की गयी थी. उन्होंने बताया कि यहां पूर्ण विधि-विधान के साथ तथा सादगी पूर्वक मां की पूजा-अर्चना की जाती है. खास बात यह है कि शक्ति का प्रतीक यहां तीन तलवार आज भी मौजूद हैं, जिसमें छोटी तलवार का नाम विजय और बड़ी तलवार का नाम जय है. तीसरी तलवार का नाम रंजिनी है. उन्होंने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा का आयोजन नवनिर्मित मंदिर में किया जाएगा.



