घाटशिला : झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की टीम ने गुरुवार को घाटशिला महाविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया. टीम में उप प्रोजेक्ट लीडर वरुणा दत्ता, एमआइएस अधिकारी कुमार चंदन, झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम के तकनीकी प्रबंधक राजू कुमार तथा कोल्हान विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ मनोज कुमार महापात्र मुख्य रूप से शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)

टीम के सदस्यों ने सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ आरके चौधरी के साथ बैठक की, जिसमें टीम ने महाविद्यालय में रूसा कोष से चल रहे जीर्णोद्धार एवं नव निर्माण कार्यों की समीक्षा तथा स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जांच की. वहीं रूसा मद से महाविद्यालय द्वारा क्रय की गई सभी सामग्रियों का भी टीम ने भौतिक निरीक्षण किया. निरीक्षण में टीम के सभी सदस्य संतुष्ट दिखे. इस दौरान टीम के पदाधिकारियों ने संवेदक को जीर्णोद्धार व नव निर्माण के कार्य आगामी 15 अक्टूबर तक पूरे कर लेने का निर्देश दिया. निरीक्षण के पश्चात प्रोजेक्ट लीडर वरुणा दत्ता एवं उनकी टीम को प्राचार्य ने अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. बैठक में नई शिक्षा नीति के तहत घाटशिला महाविद्यालय के भावी उन्नयन को लेकर बने प्रारूप पर भी विचार हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में कॉलेज प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट के सदस्यों में जिला पार्षद दिव्यानी मुर्मू, पूर्व छात्र लखन मार्डी, भवन निर्माण निगम के कनीय अभियंता एम के प्रधान, डॉ पीके गुप्ता, डॉ नरेश कुमार, डॉ एस के सिंह, डॉ संदीप चंद्रा, डॉ एसपी सिंह, डॉ डीसी राम, प्रो महेश्वर प्रमाणिक, प्रो इंदल पासवान, समीर कुमार राय, चंदना मुखर्जी एवं मणींद्र मार्डी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.



