
जमशेदपुर : मानगो स्थित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में पंखा (सिलिंग फैन) गिरने से एक परीक्षार्थी (छात्रा) ज्योति शर्मा का सिर फट गया. वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. जबकि दूसरी छात्रा के चेहरे में खरोंच आयी है. घटना मंगलवार की दोपहर करीब 12.30 बजे की है. कॉलेज में इन दिनों कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित स्नातक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा चल रही है. इस दिन कॉमर्स के विद्यार्थियों की परीक्षा थी. कॉलेज को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है. विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10.00 से 1.00 बजे तक परीक्षा का संचालन किया जा रहा है. परीक्षा लगभग समाप्ति पर थी. उसी दौरान रूम नं-2 में बैठी परीक्षार्थी के सिर पर पंखा गिर गया, जिससे उसका सिर फट गया. जबकि उसके पास में बैठी एक छात्रा के चेहरे पर खरोंचें आयी है. सिर फटने के बाद छात्रा का कॉलेज में फर्स्ट एड किया गया. उसके बाद परीक्षा नियंत्रक प्रीति बाला व कॉलेज के विद्यार्थियों की मदद से उसे स्थानीय गुरुनानक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उसकी मरहम पट्टी हुई. बताया जाता है कि उसके सिर में गहरी चोट आयी है. बताया जाता है कि पंखा काफी पुराना था.
मरम्मत के लिए लाखों रुपये मिलते हैं कॉलेजों को, फिर भी यह हाल
कॉलेज भवन की मरम्मत के लिए रूसा व अन्य मद से राशि मिलती है. बावजूद कॉलेज भवन में विद्यार्थी असुरक्षित हैं. जानकारी के अनुसार नियमित देखभाल नहीं होने के कारण पंखे आदि कमजोर हो गये हैं. यह घटना उसी का परिणाम है.



