
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के पंचायत सचिव मंगलवार से अनिश्चितकालिन हड़ताल पर चले गए हैं. यह जानकारी पंचायत सचिव, प्रभारी पंचायती राज्य पदाधिकारी सह संघ के जिला अध्यक्ष राम चन्द्र मुर्मू ने दी है. श्री मुर्मू ने कहा है कि राज्य भर के सभी पंचायत सचिव झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ के अहवान पर सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. उन्होंने कहा है कि सरकार जबतक उनकी मांगों को पूर्ण नहीं करती है तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि सोमवार की शाम जमशेदपुर स्थित आमबगान से मसाल जुलूस निकाल कर उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला को ज्ञापन सौंपा गया. श्री मुर्मू ने कहा कि प्रखंड पंचायत राज्य पदाधिकारी के 50 प्रतिशत पद पर वरीयता के अधार पर अविलंब प्रोन्नति प्रदान किया जाये, पंचायत सचिवालय को क्रियाशील करने के लिए सभी पंचायतों में लेखा लिपिक सह कम्प्यूटर ऑपरेटर, अनुसेवक, रात्रि प्रहरी की अविलंब नियुक्ति की जाये, ग्राम पंचायत हित में पंचायत सचिव को मनरेगा से मुक्त किया जाये एवं अविलंब रोजगार सेवक को प्रभार देने की प्रक्रिया समाप्त करने समेत सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. मंगलवार को प्रखंड के सभी पंचायत सचिवों ने संघ के बैनर तले प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना दिया. इस दौरान चंडी चरन भोल, भुवनेश्वर दास, राम चन्द्र मुर्मु, मुनु टुडु, अशोक महापात्रा, कान्हुराम हांसदा समेत अन्य उपस्थित थे.



