जमशेदपुर : साकची थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान चोरी का लोहे और एल्युमिनियम का बीट ले जा रहे एक टेंपो को पकड़ा है. इस दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को भी पकड़ा है, जबकि उनके कुछ अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो दाईगुट्टू साहू लाइन निवासी ओम प्रकाश कुमार और सीतारामडेरा न्यू बाराद्वारी निवासी समीर दत्ता के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, देर रात साकची पुलिस की गश्ती टीम इलाके में भ्रमणशील थी. इसी दौरान पुलिस की नजर एक टेंपो पर पड़ी, जिसमें लोहे और एल्युमिनियम का बीट लदा हुआ था. पुलिस ने जैसे ही टेंपो को रुकने का संकेत दिया, चालक ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोका और दो आरोपियों को मौके से खदेड़कर पकड़ लिया. हालांकि उनके कुछ साथी मौका पाकर भागने में सफल रहे. पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चोरी से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है. इस संबंध में साकची थाने में एसआइ उपेंद्र प्रसाद के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने टेंपो मालिक सहित अन्य फरार आरोपियों पर भी प्राथमिकी दर्ज की है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. साकची पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और चोरी के नेटवर्क का भंडाफोड़ होने की भी संभावना है.




