चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित बिरसा मुंडा चौक के नवीनीकरण एवं विकास कार्य का सोमवार को विधायक समीर मोहंती ने नारियल फोड़कर शिलान्यास किया. मौके पर संबोधित करते हुए श्री मोहंती ने कहा कि बिरसा मुंडा का चबूतरा और रेलिंग टूट जाने से उन्होंने विगत दिनों बिरसा मुंडा चौक के नवीनीकरण एवं विकास कार्य के लिए योजना दी थी, जिसे नगर विकास फंड से स्वीकृति मिली है. उन्होंने कहा कि विकास कार्य 17,94,615 रूपए की लागत से एसओए इस्टेट सर्विसेज द्वारा किया जाएगा. उन्होंने लोगों से योजना निर्माण पूर्ण गुणवत्ता से कराने और सहयोग करने की बात कही. मौके पर गोपन परिहारी, धनंजय करुणामय, शिव चरण हांसदा, गौतम दास, मो गुलाब, असगर खान, राम बास्के, निर्मल महतो, कृति सुंदर महतो समेत अन्य उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)
सांसद को सूचना नहीं, सांसद प्रतिनिधि ने किया विरोध
वहीं बिरसा चौक चौक के नवीनीकरण एवं विकास कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम की सूचना सांसद विद्युत वरण महतो को नहीं देने पर मौके पर उपस्थित सांसद प्रतिनिधि पार्थसारथी महतो ने शिलान्यास कार्य का विरोध किया. मौके पर उन्होंने संवेदक को फटकार लगाते हुए कहा कि योजना के शिलान्यास की सूचना आखिर सांसद को क्यों नहीं दी गई. कहा कि सांसद को सूचना देना क्या प्रोटोकॉल में नहीं है, इसपर संवेदक ने कहा की विकास कार्य ऑफिशियल है और सूचना देना भी ऑफिस का काम है.




