आदित्यपुर : हथियाडीह स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल को 100 सीटों पर एमबीबीएस कोर्स की पढ़ाई के लिए औपचारिक मान्यता मिल गई है. मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआइ) की ओर से जारी पत्र में कॉलेज को वर्तमान शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति प्रदान की गई है. और इससे झारखंड के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का बड़ा अवसर मिलेगा. राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एमसीआइ से मान्यता मिल जाने के बाद अब कॉलेज और अस्पताल परिसर में दाखिला की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है. कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि इस उपलब्धि से झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊर्जा आएगी. उल्लेखनीय कि गत वर्ष अस्तित्व में आए 650 बेड के इस सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल ने एक वर्ष के अन्दर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है.



