जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत 52 विजय पथ निवासी तरुण कुमार पाल (59) ने बुधवार को फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतक अविवाहिता थे और अपनी बहन के साथ अकेले रहते थे. जानकारी के अनुसार, उनकी बहन दोपहर करीब 12 बजे अपने डायलिसिस उपचार के लिए डॉक्टर के पास गई थी. शाम को जब वे घर लौटकर आईं तो उन्होंने अपने भाई को फांसी पर लटका पाया. इसके बाद उन्होंने अपने मकान मालिक को बुलाया और साथ ही पुलिस को सूचना दी. पुलिस तथा मकान मालिक की मदद से शव को नीचे उतारा गया और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तरुण कुमार पाल को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि तरुण की ईसीसी फ्लैट के पास एक दूध की दुकान थी, जिसे लगभग एक महीने पहले खाली करवा दिया गया था. यह घटना उसके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल गई थी. आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि दुकान बंद होने के बाद से ही तरुण गंभीर मानसिक तनाव में थे और वे अपने परिचितों से भी कटते जा रहे थे. प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि आर्थिक परेशानी और मानसिक अवसाद के चलते उन्होंने आत्महत्या की है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.




