सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. गांव निवासी लखिन्द्र मार्डी (53) सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे. इस दौरान जब वे सड़क पार कर रहे थे तभी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए. हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार मृतक लखिन्द्र पेशे से राजमिस्त्री का काम करते थे और अपने परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां चीख-पुकार का माहौल हो गया. इधर सूचना पाकर पुलिस भी एमजीएम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. गांव में अचानक हुई इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि सुबह-सुबह सड़कों पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं.



