जमशेदपुर : सोमवार देर रात तंत्र विद्या के चक्कर में गोलमुरी थाना अंतर्गत गाढ़ाबासा निवासी 20 वर्षीय युवक अजय की हत्या के मामले में गिरफ्तार तांत्रिक और उसके सहयोगी को मंगलवार को पुलिस ने जेल भेज दिया था. बुधवार को इसी मामले को लेकर मृतक अजय के परिवार और बस्ती के लोगों ने गोलमुरी थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की. साथ ही उन्होंने मांग की कि इस हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक अजय की मां ने आंसू भरी आंखों से कहा कि तंत्र विद्या के नाम पर मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. परिवार का सहारा ही चला गया, अब हम मां-बेटी का गुजारा कैसे होगा. उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं ने समाज को शर्मसार कर दिया है और प्रशासन को चाहिए कि तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले अपराधों पर सख्ती से रोक लगाए.



