जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के उरांव बस्ती में नशे की हालत में युवकों के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया. घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोलू तिर्की अपने घर में 3-4 दोस्तों के साथ ब्राउन शुगर का सेवन कर रहा था. नशे की हालत में दोस्तों के बीच एक साधारण कीपैड मोबाइल फोन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि गोलू तिर्की ने धारदार चाकू से अपने साथी राजा लोहार पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में राजा गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
वह किसी तरह जान बचाकर सीतारामडेरा थाना पहुँचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. पीड़ित राजा लोहार ने बताया कि घटना के समय सभी युवक नशे में धुत थे. उरांव बस्ती में ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार लंबे समय से चल रहा है. स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों का हौसला बुलंद है. फिलहाल घायल का इलाज जारी है. पुलिस ने बताया कि आरोपित गोलू तिर्की और उसके साथियों की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि उरांव बस्ती में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और छापेमारी अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच तेज करने और दोषियों को शीघ्र पकड़ने का आश्वासन दिया है.



