जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के लिंक रोड पर शुक्रवार की सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे एक फुटबॉल खिलाड़ी से नकाबपोश अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर चेन लूट ली. हालांकि घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और इलाके की घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू कर दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामदेव सिंह रोज की तरह शुक्रवार सुबह टहलने निकले थे. इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे बाइक पर सवार दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शी एसएल दास ने बताया कि अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराया और गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले. घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान करने का दावा किया है.



