वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से देश को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात दी है. पीएम ने यहां इन चार ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. पीएम मोदी ने कहा, दुनिया भर के विकसित देशों में आर्थिक विकास का बहुत बड़ा कारण वहां का इन्फ्रास्ट्रक्चर रहा है. जिन भी देशों में बड़ी प्रगति, बड़ा विकास हुआ है, उनके आगे बढ़ने के पीछे बहुत बड़ी शक्ति वहां के इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास की है. आज भारत भी बहुत तेज गति से इसी रास्ते पर चल रहा है. इसी कड़ी में आज देश के अलग-अलग हिस्सों में नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरूआत हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में कहा, आज वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें, भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं. ये भारतीय रेलवे को ट्रांसफॉर्म करने का एक पूरा अभियान है. वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है.



