सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर के समीप सोमवार सुबह एक गड्ढे से युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बुरुडीह पंचायत के चम्पाइडीह निवासी शोम हेंब्रम (25 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि शोम हेंब्रम की एक पत्नी और पांच साल का बेटा है. परिवारिक सूत्रों के अनुसार, शोम हेंब्रम रविवार को अपनी बाइक से रापचा गांव में फुटबॉल मैच देखने गया था. देर शाम लौटने के दौरान उसके साथ हादसा हुआ होने की आशंका जताई जा रही है. सोमवार सुबह ग्रामीणों ने रास्ते के किनारे बने एक गड्ढे में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही गम्हारिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है. पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से संबंधित सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई चल रही है. घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.














