जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर 7 पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में मोहम्मद सैफ, चंदन और शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जुट गए.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोएब और सैफ एक स्कूटी पर सवार होकर मानगो की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अचानक चंदन सड़क पार करने लगा. तेज रफ्तार के कारण स्कूटी चालक शोएब वाहन को नियंत्रण में नहीं रख पाए और चंदन से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि चंदन हवा में उछलते हुए सीधे एक चलती टेंपो से जा भिड़ा. वहीं, स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के बीच स्थित डिवाइडर से टकरा गई.(नीचे भी पढ़े)
घटना होने के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को सड़क से हटाया और निजी वाहनों की मदद से दया अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, चंदन और मोहम्मद सैफ को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिर बताया गया है. दोनों के सिर और पैरों में चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल खतरे से बाहर हैं.वहीं, स्कूटी चला रहे शोएब की हालत गंभीर पाई गई. डॉक्टरों ने बताया कि शोएब के सिर में गहरी चोट है और आंतरिक रक्तस्राव की आशंका के चलते उसे तुरंत (टीएमएच) रेफर कर दिया गया है.स्थानीय लोगों ने बताया कि रोड नंबर 7 पर ऑटो, स्कूटी और बाइक चालकों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है. सड़क संकरी होने और दोनों ओर वाहन खड़े रहने के कारण दुर्घटना का जोखिम लगातार बना रहता है. लोगों ने पुलिस से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और नियमित निगरानी की मांग की है.














