जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर ) के जादूगोड़ा में स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) में ठेका मजदूरों ने अपने विभिन्न आठ सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी. मंगलवार को ही प्रबंधन के संग वार्ता विफल होने के बाद ठेका मजदूरों ने हड़ताल की घोषणा कर दी थी. इसी के समर्थन में बुधवार को ठेका मजदूर अहले सुबह ही कंपनी गेट के बाहर जुटे व हड़ताल के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की. इसका असर यूसिल के कई डिपार्टमेंट में देखने को मिला. हड़ताल का नेतृत्व झामुमो के जिला संयोजक प्रमुख सह मजदूर नेता बाघराय मार्डी कर रहे है. (नीचे भी पढ़ें)

ठेका मजदूरों के आठ सूत्री मांगों में मृतक कर्मचारी रांबे सोरेन के आश्रित व मृतक जून माहली के आश्रित को अविलंब नौकरी, ठेका कर्मी मृतक अजय मुर्मू की मृत्यु तिथि सुधार कर डेथ क्लेम इंश्योरेंस उपलब्ध कराने, ठेका कर्मी मृतक दारासिंह नायक की तारीख सुधार कर डेथ क्लेम देने, विस्थापित परिवारों की नियुक्ति सूची (13–24 नंबर) को तुरंत प्रभाव से जारी कर नियुक्ति देने, इएल भुगतान और छुट्टी कटौती पर रोक लगाई लगाने, कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में सुधार, दुर्घटना में मृतक के आश्रित को तत्काल नौकरी, ठेका कर्मियों की समस्याओं का स्थायी समाधान सम्मलित है.



