नयी दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के पति एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल तथा वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल का गुरुवार को निधन हो गया. वे 73 वर्ष के थे. दिल्ली भाजपा ने उनके निधन की जानकारी दी. सुषमा स्वराज और स्वराज कौशल की संतान बांसुरी स्वराज नयी दिल्ली से सांसद हैं. भाजपा नेता ने बताया कि दोपहर में कौशल ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें एम्स ले जाया गया और वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. भाजपा नेता ने बताया कि कौशल का अंतिम संस्कार लोधी रोड श्मशान घाट पर कर दिया गया.सांसद बांसुरी स्वराज ने ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट में कहा कि उनके पिता का स्नेह, अनुशासन, सादगी, देशभक्ति और असीम धैर्य उनके जीवन का प्रकाश पुंज था. (नीचे भी पढ़े)
दिल गहरी पीड़ा से भर गया है. फिर भी मन में यह विश्वास है कि अब परम शक्तिमान ईश्वर की उपस्थिति में आपका मां से पुनर्मिलन हो गया है और आपको असीम शांति प्राप्त हुई है. आपकी बेटी होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है और आपकी विरासत, मूल्य एवं आशीर्वाद मेरे आगे के सफर का आधार होंगे.पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज का 2019 में निधन हो गया था. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वराज कौशल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन की खबर पीड़ादायक है.



