रांची : कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में ईडी ने झारखंड समेत कई राज्यों में छापामारी की है. झारखंड की राजाधानी रांची में भी छापेमारी शुरू की है. ईडी की टीम रांची के तुपुदाना स्थित एक फैक्ट्री को सर्च कर रही है. ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की रेड लखनऊ, वाराणसी, अहमदाबाद, जौनपुर, सहारनपुर और रांची सहित कई शहरों में जारी है. कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में ईडी की टीम रांची में भी छापेमारी कर रही है. कई वाहनों और सुरक्षा के साथ ईडी की टीम शुक्रवार को तुपुदाना स्थित शैली ट्रेडर्स पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि फैक्ट्री के अंदर जाने के लिए टीम को इंतजार करना पड़ा. खबर लिखे जाने तक शैली ट्रेडर्स में कड़ी सुरक्षा के बीच एजेंसी अपनी जांच कर रही थी. इसी वर्ष में एमपी के गुना और विदिशा में संदिग्ध तौर पर कोडीन और कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने के बाद कई बच्चों की मौत और गंभीर बीमारियां सामने आईं थी. इसके बाद पूरे नेटवर्क की जांच शुरू हुई. रिपोर्टों के बाद यह साफ हुआ कि केवल एक जहरीला सिरप ही नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर कोडीन‑युक्त कफ सिरप की तस्करी का रैकेट चल रहा था. इसकी सप्लाई मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में हो रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के बाद यह बात सामने आई कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बनारस का शुभम जायसवाल है. जिसने फर्जी फर्मों और नकली बिलिंग के माध्यम से कोडीन कफ सिरप की बड़े पैमाने पर खेपें उठवाईं और अलग‑अलग राज्यों व पड़ोसी देशों में सप्लाई की. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह रांची से कोलकाता होकर दुबई भाग गया और वर्तमान में वहीं छिपा है. इस मामले की जांच ईडी भी कर रही है. इस काले धंधे में 1,000 करोड़ से ज्यादा की मनी लॉन्ड्रिंग का मामला सामने आने की बात कही जा रही है, जिसकी जांच ईडी कर रही है.



