जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में कचरे का अंबार, स्ट्रीट लाइटें खराब, नाले जाम को लेकर मानगो आज़ादनगर मंडल विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद के निर्देश एवं भाजपा आज़ादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन की अगुवाई मे मानगो नगर निगम के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा गया. इन लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगे पूरी नही हुई तो वे लोग आंदोलन करेंगे. विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद ने कहा कि जनसमस्याओं पर कोई समझौता नहीं, जरूरत पड़ी तो आंदोलन होगा. आज़ादनगर मंडल विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही समस्याएं जनता को परेशान कर रही हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कचरा प्रबंधन, नाला-सफाई, स्ट्रीट लाइट और फॉगिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं जनता का अधिकार हैं. अगर नगर निगम जल्द समाधान नहीं करता है, तो हम जनता के साथ व्यापक आंदोलन करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विधायक प्रतिनिधि ने आश्वस्त किया कि जनहित के मुद्दों पर वे लगातार अधिकारियों के साथ संवाद कर रहे हैं और समाधान के लिए हर स्तर पर लड़ाई जारी रहेगी. मानगो क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 (आज़ादनगर) और वार्ड संख्या 9 (जवाहरनगर) में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है. कचरे के अंबार, नालों की दुर्गति, खराब स्ट्रीट लाइट और फॉगिंग की कमी से परेशान नागरिकों की समस्याओं को लेकर आजादनगर मंडल प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंचकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञापन में कहा गया है कि आजादनगर और जवाहरनगर में सफाई कर्मियों द्वारा कचरा उठाने के बजाय उसी जगह पर जमा कर दिया जाता है और कई बार उसे वहीं जला भी दिया जाता है, जिससे क्षेत्र में धुआं और दुर्गंध फैल जाती है. इससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है. स्थानीय प्रतिनिधियों का आरोप है कि बड़े नालों और नालियों की सफाई मानक के अनुसार नहीं की जा रही है, जिसके चलते बरसाती पानी और गंदा नाला सड़क तक आ जाता है. कई गलियों में नाले का स्तर सड़क के बराबर हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि लगभग पूरे इलाके में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं. कई जगहों पर लाइटें लगी ही नहीं हैं, जिससे रात के समय लोगों को असुविधा और असुरक्षा महसूस होती है. प्रतिनिधियों ने मांग की कि जल्द से जल्द खराब लाइटों की मरम्मत व नए लाइट लगवाए जाएं. क्षेत्र में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप को देखते हुए हर मोहल्ले में नियमित फॉगिंग कराने की भी मांग की गई है. आज़ादनगर मंडल विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद के निर्देश पर और बीजेपी आज़ादनगर मंडल अध्यक्ष फातिमा शाहीन की अगुवाई में मंडल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो क्षेत्र में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा. प्रतिनिधिमंडल में फातिमा शाहीन (भाजपा आजादनगर मंडल अध्यक्ष), माधुरी सिंह (मंडल महिला मोर्चा), समीर खान (प्रदेश कोषाध्यक्ष – अल्पसंख्यक मोर्चा), इसरार खान (जिला उपाध्यक्ष – अल्पसंख्यक मोर्चा), राजू मुंडा, मोहम्मद आफताब, इरशाद अंसारी, सद्दाम, अमित, मुजीब अनवर, सैफ अली खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



