जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत पुराना उलीडीह के समीप शनिवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान रितुल कर्मकार के रूप में की गयी है. घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार रितुल कर्मकार इलाके में ही रहकर इधर-उधर घूमते हुए भिक्षाटन कर अपना जीवनयापन करता था. बताया जा रहा है कि उसका शव एक जर्जर और सुनसान मकान से बरामद किया गया, जहां वह अक्सर रात में ठहर जाया करता था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के मुंह से झागनुमा तरल पदार्थ निकल रहा था, जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. प्राथमिक तौर पर संभावना व्यक्त की जा रही है कि उसकी मौत किसी विषैले जीव के काटने से हुई हो सकती है. वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण भी उसकी जान जा सकती है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.




