जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंग नगर में रविवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई. मृतक बच्चे की पहचान शिवम केवरतो के रूप में की गई है. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात अचानक बस्ती के लोगों को पता चला कि एक बच्चा कुएं में गिर गया है. यह खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और राहत एवं बचाव कार्य के लिए टाटा स्टील की सुरक्षा टीम से संपर्क किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद टाटा स्टील की सुरक्षा विभाग के मशहूर तैराक मजहरूल बारी ने पुलिस के आग्रह पर 30 फीट गहरे कुएं से कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बाहर निकाला गया. हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी. बच्चे को बाहर निकालते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं आसपास के लोग भी इस दर्दनाक दृश्य से स्तब्ध नजर आए. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मासूम शिवम कुएं में कैसे गिरा. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा.








