जमशेदपुर : आसन्न होली के त्योहार को लेकर सोमवार को आजादनगर थाना में शांति समिति के सदस्यों की एक विशेष बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा, मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार एवं आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार उपस्थित रहे. बैठक में आसन्न होली पर्व एवं पवित्र रमजान को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाने पर सहमति बनी. शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान ने कहा कि होली रंगों, प्रेम और आपसी मेल-मिलाप का त्योहार है, वहीं रमजान इबादत, संयम और सेवा का संदेश देता है. दोनों पर्व समाज में एकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं. अगर किसी को भी रंगों के कारण कोई परेशानी हो तो वह अपने घरों में रहे.(नीचे भी पढ़ें)

बैठक में यह संकल्प लिया गया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी तथा सभी नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई. रमजान के दौरान इफ्तार एवं नमाज के समय विशेष सहयोग और आपसी सम्मान बनाए रखने की बात कही गई. अंत में अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे दोनों पर्वों को प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाकर शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूत बनाएं. इस बैठक में डॉ ताहिर हुसैन, हाजी रजी नौशाद, सरदार गुरुचरण सिंह, सुरेंद्र शर्मा, फरजाना शफी, जावेद अख्तर अंसारी, फरहत बेगम, शेख बरूद्दीन, मुमताज शरीक ने त्योहार से संबंधित अपने विचार रखे. बैठक में मुख्य रूप से सोहेल अख्तर अंसारी, मो मोइनुद्दीन अंसारी, फिरोज असलम, हाजी अब्दुल हफीज, आयशा खान, जमील असगर आदि भी मौजूद रहे.




