जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित फेज टू नारायणी कॉम्पलेक्स में संपत्ति विवाद को लेकर रिश्तेदारों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़िता विनीता कुमारी श्रीवास्तव की शिकायत पर गोविंदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत में विनीता कुमारी श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि उनके कुछ रिश्तेदार घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट की. साथ ही, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई. पीड़िता का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने अटैची में रखे रुपये भी चोरी कर लिए. घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस मामले में पुलिस ने टेल्को थीम पार्क की रहने वाली अंजली मल्लिक, छोटा गोविंदपुर पटेलनगर निवासी कांता देवी, गोविंदपुर चटर्जी कॉलोनी की रचना सिन्हा, संजय सिन्हा एवं कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना को लेकर गोविंदपुर थाना प्रभारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि यह मामला रिश्तेदारों के बीच संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है. दोनों पक्षों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था, जिसके कारण यह घटना हुई. उन्होंने कहा कि पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल और आरोपियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि पारिवारिक और संपत्ति से जुड़े विवाद अक्सर इस तरह के झगड़ों का कारण बनते हैं, इसलिए ऐसे मामलों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की भी कोशिश की जाती है. फिलहाल गोविंदपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है.







