बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. मंगलवार दोपहर बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सकरा स्थित केनरा बैंक की शाखा में पांच नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये लूट लिए. वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब बैंक में लंच का समय था और सब कुछ सामान्य चल रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मियों के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच पांच युवक बैंक परिसर में दाखिल हुए. अंदर घुसते ही उन्होंने अपने चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल तान दी. लुटेरों ने बैंक कर्मियों को एक कोने में बंधक बना लिया एवं कैश काउंटर और तिजोरी से लगभग 15 लाख रुपये समेट लिए. सिर्फ बैंक का पैसा ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सोने की चेन, मोबाइल और पर्स भी लूट लिए. लूट के बाद अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्थानीय रास्तों से पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले. पीछा होने के डर से बदमाशों ने लूट के मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिये. (नीचे भी पढ़ें)
उधर घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. साथ ही बैंक के अंदर और बाहर लगे कैमरों को खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके. साथ ही, बैंक कर्मियों और आसपास के दुकानदारों से हुलिए और मोटरसाइकिल के नंबर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.


















