रामगोपाल जेना : पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या आखिरकार विधानसभा तक पहुंच गयी. जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकू द्वारा सदन में उठाए गए सवाल के बाद राज्य सरकार ने जिन्तुगाड़ा से तोड़ांगहातु मार्ग के निर्माण पर विचार करने का आश्वासन दिया है. सरकार की ओर से ग्रामीण कार्य विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने लिखित जवाब देते हुए कहा कि विभागीय नीति और बजटीय उपलब्धता के आधार पर सड़क निर्माण के संबंध में आगे कार्रवाई की जाएगी. 11 मार्च को विधानसभा में पूछे गए तारांकित प्रश्न के माध्यम से विधायक सोनाराम सिंकू ने सरकार का ध्यान पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की ओर आकर्षित किया. उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सही है कि जगन्नाथपुर प्रखंड के अंतर्गत जिन्तुगाड़ा से तोड़ांगहातु तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क बेहद खराब स्थिति में है. (नीचे भी पढे़ं)
सदन में विधायक सिंकू ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती है, बच्चों को स्कूल–कॉलेज जाने में दिक्कत होती है और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है. खासकर बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है. इस मामले में ग्रामीण कार्य विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सदन में लिखित जवाब देते हुए कहा कि विभागीय नीति, प्राथमिकता और उपलब्ध बजट के आधार पर जिन्तुगाड़ा–तोड़ांगहातु सड़क के निर्माण को लेकर आगे विचार किया जाएगा. मंत्री के इस जवाब से क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित इस सड़क निर्माण कार्य को जल्द स्वीकृति मिल सकती है.







