जमशेदपुर : ट्रेनों में यात्रियों के सामान चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ऐसे ही एक मामले में टाटानगर रेल थाना में दर्ज प्राथमिकी की जांच अब दूसरे जीआरपी थाने को सौंप दी गई है. कदमा निवासी अंकुर चौहान के दो लैपटॉप चोरी होने के मामले को कार्रवाई के लिए डाल्टनगंज जीआरपी को भेजा गया है. मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को टाटानगर रेल थाना में अंकुर चौहान के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में उन्होंने बताया कि वे कानपुर से टाटानगर आने के लिए जम्मूतवी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे. सफर के दौरान किसी समय उनके बैग से दो लैपटॉप गायब हो गए. ट्रेन के टाटानगर स्टेशन पहुंचने के बाद जब उन्होंने सामान की जांच की तो चोरी का पता चला. इसके बाद उन्होंने रेल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. प्राथमिक जांच के बाद रेल पुलिस ने यह आशंका जताई कि चोरी की घटना रेलवे के उस हिस्से में हुई होगी जो डाल्टनगंज क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसी कारण केस को आगे की कार्रवाई के लिए डाल्टनगंज जीआरपी को भेज दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी तरह टाटानगर रेल थाना में दर्ज महिला यात्री के बैग चोरी से जुड़े दो अन्य मामलों को भी संबंधित क्षेत्रों में जांच के लिए स्थानांतरित किया गया है. इनमें से एक मामला जमुई जीआरपी और दूसरा बख्तियारपुर जीआरपी को भेजा गया है. रेल पुलिस का कहना है कि उक्त मामलों में अब संबंधित थानों द्वारा आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी.







