जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में जमशेदपुर के केंद्रीय कर एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त बीके गुप्ता से मुलाकात कर क्षेत्र के करदाताओं तथा कर पेशेवरों की विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में चैंबर की ओर से एक प्रतिनिधित्व पत्र सौंप कर उन्हें बताया गया कि जमशेदपुर एवं आसपास के कई क्षेत्रों में आज भी घर या दुकान के स्पष्ट नंबर निर्धारित नहीं हैं. परंपरागत रूप से इन क्षेत्रों के पते सड़क के नाम, स्थानीय पहचान, लैंडमार्क या पोस्ट ऑफिस के आधार पर पहचाने जाते रहे हैं. इस परंपरागत व्यवस्था के कारण विभाग द्वारा डाक के माध्यम से भेजे गए कई नोटिस अपूर्ण पता की टिप्पणी के साथ वापस लौट आते हैं. इसके कारण कुछ मामलों में नोटिस की सेवा न हो पाने के आधार पर करदाताओं के जीएसटी पंजीकरण के निलंबन की कार्यवाही प्रारंभ हो जाने से ईमानदार एवं नियमित करदाताओं को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर ने चिंता व्यक्त की कि कुछ मामलों में एएसएमटी-10 सहित अन्य नोटिस मैनुअल या ऑफलाइन माध्यम से जारी किए जा रहे हैं, जबकि उन्हें जीएसटी पोर्टल के माध्यम से जारी किया जाना चाहिए. मैनुअल नोटिस जारी होने से कई बार करदाताओं तक समय पर सूचना नहीं पहुंच पाती, जिससे अनावश्यक अनुपालन संबंधी समस्याएं तथा विवाद उत्पन्न होते हैं. इस संदर्भ में चैंबर ने आयुक्त से उपयुक्त प्रशासनिक दिशा-निर्देश जारी कर कुछ बातें सुनिश्चित करने का आग्रह किया. इनमें सिर्फ डाक द्वारा भेजे नोटिस के अपूर्ण पता की टिप्पणी के साथ वापस आने के आधार पर जीएसटी पंजीकरण निलंबित करने की कार्यवाही न की जाए, यदि पता स्थानीय रूप से प्रचलित पहचान या लैंडमार्क से संबंधित हो. इसी प्रकार प्रतिकूल कार्यवाही प्रारंभ करने से पूर्व नोटिस की सेवा के लिए जीएसटी पोर्टल, पंजीकृत ईमेल, मोबाइल संचार अथवा स्थानीय सत्यापन जैसे वैकल्पिक माध्यमों का उपयोग करने का आग्रह भी किया गया. एएसएमटी-10 सहित सभी वैधानिक नोटिस एवं संचार अनिवार्य रूप से जीएसटी पोर्टल के माध्यम से जारी करने का आग्रह भी किया गया, ताकि पारदर्शिता व उचित सेवा सुनिश्चित हो सके. ऐसे मामलों में, जहां पते स्थानीय पहचान या लैंडमार्क के आधार पर प्रचलित हैं, वहां क्षेत्रीय अधिकारियों से व्यावहारिक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह भी किया गया.आयुक्त श्री गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना एवं उक्त समस्याओं का परीक्षण कर वास्तविक कठिनाइयों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार करने का आश्वासन दिया.







