चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय परिसर में शुक्रवार को नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में नगर पंचायत की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों का अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम में नगर प्रशासक मोटाय बानरा ने अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा और सभी वार्ड पार्षदो को गुलदस्ता एवं पौधा भेंटकर स्वागत किया. इसके पश्चात अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. समारोह के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने मिलकर केक काटा और खुशी का इजहार किया. मौके पर सभी जनप्रतिनिधियों ने अपना परिचय दिया. उन्होंने नगर के विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जतायी. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर वार्ड पार्षद इंदु देवी ने महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा कि आने वाले त्योहार जैसे ईद सरहुल और रामनवमी का जिक्र किया इस दौरान नगर में बेहतर जन सुविधाओं की आवश्यकताओं पर जोर दिया. उन्होंने विशेष रूप से स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति और साफ सफाई व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की. उन्होंने सुझाव दिया कि हर वार्ड में कम से कम चार सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जाए. इससे स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर ही स्वस्थ समाज की पहचान होता है. इस सुझाव का अन्य परिषद ने भी समर्थन किया. मौके पर नगर प्रशासक मोटाय बानरा ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि चाकुलिया का स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रशासन के प्रयास से यह संभव नहीं है. इसके लिए जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है. अवसर पर वार्ड सदस्य संजीव मांडी, गोपाल चंद्र दास, सोनिया दास, शतदल महतो, संजय घोष, मलय रूहीदास, इंदू देवी, मोहम्मद नजीमुद्दीन, तबस्सुम आरा, मौसमी मल्लिक, कारमी सोरेन, नगर प्रबंधक अनंत खलको, प्रभात मिंज, कनिय अभियंता रोहित लकड़ा, मीता राय, हरि मोहन पानीका, रेणुका महतो, अमित मिश्रा, आशीष ज्योति, असीम नाथ,प्रलभ झा समेत अन्य उपस्थित थे.



