जमशेदपुर : जमशेदपुर में प्रतिबंधित दवाइयों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ है. उलीडीह थाना अंतर्गत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोलकाता के रास्ते जमशेदपुर में एक युवक प्रतिबंधित दवाइयों की खेप लेकर पहुंचने वाला है. सूचना के आधार पर डीएसपी पटमदा बचन देव कुजूर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाहरनगर रोड नंबर 6 में छापेमारी की, जहां से जीशान अहमद नामक युवक को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 120 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार आरोपी इन दवाइयों को अवैध रूप से बेचने की फिराक में था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है.



